
Suhani Bhatnagar Death:- दंगल फिल्म से मशहूर हुईं सुहानी भटनागर अब इस दुनिया में नहीं रहीं। जी हां 19 साल की उम्र में सुहानी भटनागर का निधन हो गया है। आमिर खान की ऑन-स्क्रीन बेटी बनकर वह मशहूर हुईं थीं। सुहानी पिछले कुछ सालों से कहां गायब थीं और क्या कर रही थीं आइए आपको इस बारे में बताते हैं।
नई दिल्ली। Suhani Bhatnagar Death:- सिनेमा जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। जानी-मानी एक्ट्रेस सुहानी भटनागर का निधन हो गया है। मात्र 19 साल की उम्र में सुहानी ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। सुहानी के निधन की खबर से उनके चाहने वाले दुखी हैं। लोग ‘दंगल’ गर्ल की वापसी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उनके निधन की खबर ने फैंस को हिलाकर रख दिया।
फरीदाबाद की रहने वाली सुहानी भटनागर के निधन की वजह पूरे शरीर में पानी भरना बताया जा रहा है। कुछ समय पहले सुहानी का एक्सीडेंट हो गया था, जिसकी वजह से उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इलाज में जो दवाएं सुहानी ने लीं, उसका उन्हें ऐसा साइड एफेक्ट पड़ा कि धीरे-धीरे उनके शरीर में पानी भर गया। वह काफी दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थीं।
कौन थीं सुहानी भटनागर?
सुहानी भटनागर बॉलीवुड की जानी-मानी चाइल्ड आर्टिस्ट थीं। उन्हें आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दंगल’ (2016) से लाइमलाइट मिली। फिल्म में उन्होंने जूनियर बबीता फोगाट का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। वह कई टीवी एड्स में भी काम कर चुकी थीं।
क्यों फिल्मों से दूर हो गई थीं सुहानी भटनागर?
‘दंगल’ करने के बाद सुहानी भटनागर के पास यूं तो फिल्मों की लाइन लग जाती, लेकिन एक्ट्रेस ने काम से ब्रेक लेने का फैसला किया था। सुहानी पहले पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती थीं। कई इंटरव्यू में सुहानी कह चुकी थीं कि पढ़ाई के बाद वह फिर से सिनेमा में वापसी करेंगी।
सोशल मीडिया पर थीं एक्टिव
सुहानी भटनागर 25 नवंबर 2021 के बाद से इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक्टिव नहीं आई हैं। हालांकि, इससे पहले वह अक्सर अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती थीं। सुहानी का ट्रांसफॉर्मेशन देख लोग हैरान रह गए थे। सुहानी का लुक काफी बदल गया था। वह पहले से ज्यादा ग्लैमरस हो गई थीं।
फिलहाल, सुहानी भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन ‘दंगल’ में उनकी भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा।
