
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ का पहला पार्ट आज 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गया है। फिल्म को दर्शकों से मिक्स रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच अब नमित ने फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। सिर्फ इतना ही नहीं, बता दें कि फिल्म को पहले दो पार्ट में रिलीज करने का फैसला लिया गया था, लेकिन अब इसके तीन पार्ट में बनने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
हालांकि, इस पर आखिरी फैसला फिल्म के पहले पार्ट को मिलने वाले दर्शकों के रिस्पॉन्स के आधार पर लिया जाएगा। इसके अलावा नमित मल्होत्रा ने यह भी कंफर्म किया है कि फिल्म का दूसरा पार्ट अब 2027 की बजाय दिवाली 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा। यानी मेकर्स को फिल्म की कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए एक साल का अतिरिक्त समय मिलेगा।
क्या बोले नमित मल्होत्रा?
फिल्म के पहले पार्ट की रिलीज से एक इंटरव्यू में नमित मल्होत्रा ने दूसरे पार्ट की रिलीज में देरी की वजह बताई। उन्होंने कहा कि पहले पार्ट को लेकर दुनियाभर में जिस तरह का उत्साह देखने को मिला है, उसे देखते हुए टीम दूसरे पार्ट पर और समय देना चाहती है। मेकर्स चाहते हैं कि फिल्म का फिनाले पहले पार्ट की तरह ही भव्य हो।
नमित ने आगे कहा कि फिल्म के स्तर और कहानी के साथ न्याय करने के लिए टीम को एक अतिरिक्त साल की जरूरत है। उनके मुताबिक, दूसरे पार्ट की कहानी अपने आप में काफी अलग और बड़ी होगी। मेकर्स किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते और न ही समय से पहले काम पूरा करने के दबाव में हैं। उनकी कोशिश है कि फिल्म के फिनाले को उसी भव्य अंदाज में दर्शकों के सामने पेश किया जाए, जिसकी वह हकदार है।
क्या ‘रामायण’ का आएगा तीसरा पार्ट?
नमित मल्होत्रा ने यह भी बताया कि ‘रामायण’ के पहले पार्ट को मिलने वाला दर्शकों का रिस्पॉन्स काफी अहम होगा। इसी के आधार पर यह तय किया जा सकता है कि कहानी को आगे और विस्तार देने की जरूरत है या नहीं। यानी फिलहाल फिल्म के तीसरे पार्ट को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
इंटरव्यू में नमित ने यह भी खुलासा किया कि मेकर्स ने फिल्म के पहले पार्ट के दो अलग-अलग वर्जन तैयार किए हैं। दोनों की लंबाई और कहानी पेश करने का तरीका अलग है। इनमें से एक वर्जन खासतौर पर अंग्रेजी बोलने वाले अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को ध्यान में रखकर लिखा गया है। इसमें कहानी को पेश करने के तरीके में भी बदलाव किए गए हैं।
हालांकि, मेकर्स की कोशिश है कि फिल्म के दूसरे पार्ट के लिए अलग-अलग वर्जन न बनाने पड़ें। नमित के मुताबिक, निर्देशक नितेश तिवारी भी यही चाहते हैं कि फिल्म का एक ही वर्जन हो। लेकिन ऐसा होगा या नहीं, यह अलग-अलग देशों में पहले पार्ट को मिलने वाले दर्शकों के फीडबैक पर निर्भर करेगा।
