UP: धार्मिक स्थल में मिली थी जिस महिला की लाश, हत्या का राज तो खुला नहीं…17 वर्षीय बेटी भी हो गई लापता

UP
UP
UP

ताजमहल के पूर्वी गेट पर धार्मिक स्थल में जिस महिला की लाश मिली थी, उसकी हत्या का राज अभी तक नहीं खुल सका है। अब इस महिला की 17 वर्षीय बेटी भी लापता हो गई है। उसका भी सुराग नहीं लग सका है।

आगरा में ताज पूर्वी गेट के पास लकड़हारा मस्जिद में सात महीने पहले हुई महिला की हत्या में पुलिस बेसुराग है। हत्या किसने और क्यों की? यह आज तक नहीं पता चल सका है। इधर, मृतका के परिवार की किशोरी चार सप्ताह से लापता है। परिजन बेटी की तलाश में भटक रहे हैं। उन्हें पुलिस से शिकायत पर भी राहत नहीं मिल पा रही है।

19 मई 2024 की है घटना
19 मई 2024 को ताजमहल पूर्वी गेट के पास स्थित लकड़हारा मस्जिद में 42 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई थी। महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिला था। मृतका के भाई ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस हत्याकांड की गुत्थी नहीं सुलझा सकी है। शक के दायरे में आए आरोपी का फोरेंसिक विज्ञानी की मदद से प्रोफाइल भी तैयार कराया गया। ताजगंज का युवक शक के दायरे में है।

बेटी हुई लापता
उधर, मुकदमे के वादी और मृतका के भाई की 17 वर्षीय बेटी गायब हो गई है। वह 10 जनवरी की दोपहर तीन बजे दवा लेने के लिए निकली थी। तब से घर नहीं लौटी है। उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। इस पर थाना ताजगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में पता चला कि बस्ती की एक युवती उसे ले गई है। युवती हिमाचल प्रदेश की रहने वाली है। ताजगंज में उसका मायका है। पति दुकान चलाता है। पिता ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जाहिर की है।

तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि किशोरी की तलाश की जा रही है। काल डिटेल खंगाली गई है। जिस युवती पर आरोप है कि उससे और परिवार के लोगों से बात की गई है। उनका कहना है कि युवती उनकी दुकान पर आती थी। वह कहां गई, किसी को पता नहीं है। एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद का कहना है कि पुलिस टीम को लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *