दिल्ली को 43 परियोजनाओं की सौगात: विपक्ष पर बरसे अमित शाह, बोले- केजरीवाल ने युमना में डुबकी का किया झूठा वादा

Yamuna-related projects
Yamuna-related projects
Yamuna-related projects

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 8,941 करोड़ रुपये की यमुना परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कांग्रेस-आप पर वोट चोरी व यमुना शुद्धिकरण के झूठे वादों को लेकर हमला बोला।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) को निशाने पर लिया। गृह मंत्री ने यमुना नदी के पुनरुद्धार के उद्देश्य से 43 दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की लागत 8,941 करोड़ रुपये है।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘मैं आज दिल्ली की जनता को कहने आया हूं कि दिल्ली की सरकार बनते ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ही महीने में एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना जी को शुद्ध करने की उनकी संकल्पना दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालाय के सामने उन्होंने रखी थी। मुझे खुशी है कि इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से ज्यादा मजल काटने का काम कर लिया है। आज ये 9 हजार करोड़ की योजना में गंदे पानी को शुद्ध करने और कई प्रकार के पीने के पानी की योजना का आज लोकार्पण और भूमिपूजन भी हो रहा है।’

शाह ने कहा, ‘दिल्ली में एक अलग खेल चल रहा है। लगातार भाजपा की सरकारें चुनकर आ रही हैं। उनको पेट में दर्द है इसलिए इन्होंने वोट चोरी का बहाना बनाया है। वो कहते हैं कि भाजपा वोट चोरी करती है। राहुल गांधी आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ रहा है और समझ भी गया है। वोट चोरी करके आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो। मगर आज इस मंच से मैं कांग्रेस पार्टी और उनके साथियों को कहना चाहता हूं कि कभी ईवीएम का बहाना लगाते हो तो कभी वोट चोरी का बहाना मगर मैं आपको बताता हूं कि भाजपा की केंद्र में मोदी सरकार बनने से पहले आप कभी भी कई राज्यों में चुनकर नहीं आए।’

केजरीवाल ने यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया: अमित शाह
गृह मंत्री ने कहा, ‘केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया। आपने तो डुबकी नहीं लगाई लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और एम्स में भर्ती करना पड़ा। यमुना के शुद्धिकरण के लिए आपने कुछ काम नहीं किया… विश्व स्तरीय काम भाजपा की सरकार ने किया है और 3 साल का एक एक्शन प्लान हमने बनाया है। हम दिल्ली के हर घर को गटर के पानी के सीवरेज का कनेक्शन देंगे और हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम भी भाजपा करेगी।’

अमित शाह ने आगे कहा, ‘कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं जो बहाने की राजनीति करती हैं। इससे पहले आप पार्टी की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली, वह मदद नहीं मिली। केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी आप सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे। आपने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति करते रहे और हमने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है और मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *