
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और बिजनेसमैन विरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट आज शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। विवाह की शुभ घड़ी में सिर्फ चंद घंटे बाकी हैं। तैयारियां हो चुकी हैं। मेहमानों के आने का सिलसिला जारी है। यह शादी भारतीय थीम पर हो रही है। परंपराओं को प्रमुखता से निभाया जा रहा है। आज मुंबई में हो रहे इस शादी समारोह में काशी की खूब रौनक बिखरने वाली है। बनारस के घाट से लेकर वहां का जायका इस शादी में नजर आएगा।
अनंत-राधिका की शादी के लिए मुंबई के बांद्रा कुर्ला स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर ‘भारतीय थीम’ में सजकर पूरी तरह तैयार है। देश-विदेश के मेहमानों को भारतीयता के रंग दिखाने के लिए, पूरे समारोह स्थल को भारतीयता के रंग में रंग दिया गया है। मेहमानों का ड्रेस कोड हो, डेकोरेशन के लिए उकेरे गए फूल पत्ती हों, संगीत हो या फिर तरह तरह के पकवान, सभी पूरी तरह से भारतीय रहने वाले हैं।
