पुल हादसा: गूगल मैप पर अब नहीं दिखेगा ‘मौत का रास्ता’, बदायूं की डीएम ने शासन को भेजी रिपोर्ट

Bareilly Bridge Accident
Bareilly Bridge Accident
Bareilly Bridge Accident

Bareilly Bridge Accident News: बरेली और बदायूं जिले की सीमा पर रामगंगा नदी पर बने अधूरे पुल का रास्ता अब गूगल मैप पर नहीं दिखेगा। हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद गूगल मैप से इस रास्ते को हटा दिया गया है। बदायूं की डीएम ने हादसे की जांच कराकर अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
बरेली जिले की सीमा से सटे बदायूं के दातागंज क्षेत्र में रामगंगा नदी पर बने अधूरे पुल पर हुए हादसे के बाद डीएम निधि श्रीवास्तव ने जांच कराकर अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। रिपोर्ट में पुल पर आवागमन रोकने संबंधी उपाय न किए जाने का हवाला दिया गया है। वहीं, पुल से कार गिरने के मामले में प्रशासन गूगल को भी दोषी मान रहा है। इसके बाद अब गूगल मैप से इस रास्ते को हटा दिया गया है। चर्चा है कि इस मामले में एक्सईएन भी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। इस मामले में दातागंज के नायब तहसीलदार छविराम ने सहायक अभियंता मोहम्मद आरिफ व अभिषेक कुमार, अवर अभियंता अजय गंगवार और महाराज सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दातागंज से बरेली के फरीदपुर जाने वाले मार्ग पर मुड़ा गांव के पास में पुल बना हुआ है। सितंबर 2023 में बाढ़ आने पर फरीदपुर की ओर पुल का एप्रोच रोड वह गया था, तभी से इस पुल पर आवागमन बंद चल रहा था। लोक निर्माण विभाग की ओर से वहां पर दीवार लगा दी गई थी। लेकिन, कुछ लोगों ने उस दीवार को तोड़ दिया था।
दूसरी ओर गूगल मैप पर इस रास्ते को सही दिखाया जा रहा था। इसकी वजह से रविवार तड़के कार सवार तीन लोग हादसे का शिकार हो गए। वह गूगल मैप के सहारे आगे चलते चले गए और पुल खत्म होते ही उनकी कार 20 फुट नीचे जा गिरी, जिससे तीनों लोगों की जान चली गई।
घटना के बाद बदायूं की डीएम निधि श्रीवास्तव ने इस मामले में जांच कराके अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी। इससे पहले घटना वाले दिन एसडीएम दातागंज ने डीएम को रिपोर्ट भेजकर पुल पर बरती गई लापरवाही के बारे में बताया था। शासन को भेजी गई रिपोर्ट में बताया कि पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। छोटी सी एक दीवार बनाई गई थी वह भी टूटी पड़ी थी। इसके अलावा कोई संकेतक नहीं था।
पांच अभियंताओं पर होगी कार्रवाई
अधूरे पुल से कार समेत गिरकर तीन युवकों की मौत के मामले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) बदायूं के पांच अभियंताओं को जिम्मेदार माना गया है। संपर्क मार्ग के बह जाने के बाद अधूरे पड़े पुल पर इन्होंने आवागमन रोकने के उचित प्रबंध नहीं किए थे। मुख्य अभियंता अजय कुमार ने अधिशासी अभियंता नरेश कुमार, सहायक अभियंता मोहम्मद आरिफ, अभिषेक कुमार, अवर अभियंता अजय गंगवार और महाराज सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है। इनका निलंबन तय माना जा रहा है।
बदायूं में दर्ज कराई गई है रिपोर्ट
रामगंगा नदी पर बने पुल का संपर्क मार्ग 12 सितंबर 2023 को बह गया था। तब से पुल हवा में लटका है। अवागमन रोकने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की थी। पुल के दोनों ओर अवरोधक लगवाए जाने थे, लेकिन अभियंताओं ने ऐसा कुछ नहीं किया। पहले बनी दीवार टूट चुकी थी। इसके बाद संकेतक भी नहीं लगवाए गए थे। दातागंज के नायब तहसीलदार छविराम ने सहायक अभियंता मोहम्मद आरिफ व अभिषेक कुमार, अवर अभियंता अजय गंगवार और महाराज सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीडबल्यूडी मुख्य अभियंता अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पांचों अभियंताओं की लापरवाही सामने आई है। उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट भेज दी गई है। अब क्या कार्रवाई होनी है? यह मुख्यालय तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *