
PM Narendra Modi Bhopal Visit : आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मप्र की राजधानी भोपाल पहुंच गए हैं। उन्होंने इंदौर मेट्रो, दतिया-सतना एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया है।
लोकमाता ने अपने राज्य को नई दिशा दी- मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि ढाई-तीन सौ साल पहले जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, उस समय ऐसे महान कार्य कर जाना कि आने वाली अनेक पीढ़ियां उसकी चर्चा करे, ये कहना तो आसान है, करना आसान नहीं था।
देवी अहिल्याबाई का नाम सुनकर ही मन में श्रद्धा भाव उमड़ पड़ता है
पीएम ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर, ये नाम सुनकर ही मन में श्रद्धा का भाव उमड़ पड़ता है। उनके महान व्यक्तित्व के बारे में बोलने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं।
पीएम मोदी बोले- ये सारे प्रोजेक्ट विकास की गति को आगे बढ़ाएंगे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मातृशक्ति को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम देवी अहिल्याबाई की सोच को आगे बढ़ाता है। आज इंदौर मेट्रो और सतना-दतिया एयरपोर्ट की शुरुआत हुई है। ये सभी प्रोजेक्ट मप्र में सुविधाएं बढ़ाएंगे, विकास को गति देंगे और रोजगार के नए अवसर बनाएंगे। इस पवित्र दिवस पर विकास के इन सारे कामों के लिए पूरे प्रदेश को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती पर 300 रुपये का सिक्का जारी किया गया है। ये सिक्का संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी किया जा रहा है। इस सिक्के के मुख्य भाग के मध्य भाग में अशोक स्तंभ का तीन शीश और नीचे सत्यमेव जयते लिखा है। पीछे की ओर मध्य में देवी अहिल्याबाई का चित्र बना है।
सीएम बोले- देवी अहिल्या सभी के लिए आदर्श
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे लिए आज का दिन और विशेष हो गया है क्योंकि पीएम खुद देवी अहिल्या की जन्म जयंती मनाने हमारे साथ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या का इतिहास गौरवशाली है। वे आदर्श पत्नी, आदर्श बहू और आदर्श महारानी रहीं।
.
