
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट सेंचुरियन में खेला जा रहा है। तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। साउथ अफ्रीका 256/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। टीम ने 92 ओवर के बाद पांच विकेट के नुकसान पर 354 रन बना लिए हैं।
साउथ अफ्रीका से डीन एल्गर 180 और मार्को यानसन 59 रन बनाकर क्रीज पर हैं। यानसन अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। उनके टेस्ट करियर का यह दूसरा अर्धशतक है। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।
इससे पहले, दूसरे दिन भारत 245 रन बनाकर ऑलआउट हुआ। केएल राहुल ने सेंचुरी लगाई, वह 101 रन बनाकर आउट हुए। साउथ अफ्रीका से कगिसो रबाडा ने 5 और नांद्रे बर्गर ने 3 विकेट लिए।
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान डीन एल्गर ने सेंचुरी लगाई। उन्होंने टोनी डी जॉर्जी के साथ 93 और डेविड बेडिंघम के साथ 131 रन की पार्टनरशिप की।
डीन एल्गर ने 140 बॉल पर अपना 14वां टेस्ट शतक पूरा किया। वह अपने इंटरनेशनल करियर की आखिरी सीरीज खेल रहे हैं, उन्होंने सीरीज से पहले ही रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था।
मैच में अब तक बने रिकॉर्ड्स
1. केएल राहुल सेंचुरियन में 2 शतक लगाने वाले पहले विदेशी बने। उन्होंने 2021 में भी इसी मैदान पर सेंचुरी लगाई थी।
2. डीन एल्गर ने करीब 3 साल बाद टेस्ट शतक लगाया। उन्होंने आखिरी शतक जनवरी 2021 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। जनवरी 2022 में एल्गर ने भारत के खिलाफ नॉटआउट 96 रन बनाकर साउथ अफ्रीका को टेस्ट जिताया था।
3. कगिसो रबाडा 500 इंटरनेशनल विकेट ले चुके हैं। उन्होंने पहली पारी में 5 विकेट लिए, उन्हें पहली बार भारत के खिलाफ 5 विकेट मिले।
अब हर दिन 98 ओवर का खेल होगा
सुपरस्पोर्ट पार्क स्टेडियम में पहले और दूसरे दिन का खेल बारिश और खराब रोशनी के कारण जल्दी खत्म कर दिया गया। तीसरे से पांचवें दिन तक हर दिन ज्यादा से ज्यादा 98 ओवर का खेल होगा। पहले दिन 59 और दूसरे दिन 75 ओवर का खेल ही हो सका। दोनों दिन मिलाकर करीब 45 ओवर कम फेंके गए, इसलिए उन्हें कवर करने के लिए अब हर दिन 8 ओवर ज्यादा फेंके जाएंगे। मेंस टेस्ट में एक दिन में आम तौर पर 90 ओवर का खेल होता है।
दूसरे दिन एल्गर और राहुल के शतक
दूसरे दिन भारत ने 208/8 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। केएल राहुल ने 101 रन बनाए और टीम 245 रन बनाकर ऑलआउट हुई। कगिसो रबाडा ने 5 विकेट लिए। साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 5 विकेट पर 256 रन बनाए और 11 रन की बढ़त हासिल की। टीम से डीन एल्गर 140 रन बनाकर नॉटआउट रहे।
साउथ अफ्रीका के लिए डेविड बेडिंघम ने 56 और टोनी डी जॉर्जी ने 28 रन बनाए। भारत से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को 2-2 सफलताएं मिलीं। जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को भी एक विकेट मिला।
